बरेली: फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में युवक की मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि मजदूरी के पैसे दिलाने के बहाने युवक को अपने साथ ले गए दोनों आरोपियों ने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय खेत में लावारिस हालत में छोड़ दिया था। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मजदूरी के पैसे लेने गया था राजेश, फिर नहीं लौटा घर
पुलिस के अनुसार ग्राम ठिरिया खेतल निवासी सुम्मेरी लाल ने 29 मई 2026 को थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर बताया था कि उनका 29 वर्षीय पुत्र राजेश गांव के ही नरेन्द्र और राजीव के साथ मजदूरी के पैसे लेने गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए जांच को आगे बढ़ाया।
शराब पार्टी के बाद हुआ हादसा, सिर में आई गंभीर चोट
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे दीपक के ईंट-भट्टे पर मजदूरी का भुगतान लेने गए थे, जहां उनकी मुलाकात राजेश से हुई। इसके बाद तीनों ने अलग-अलग स्थानों से शराब खरीदी और उसका सेवन किया। शराब पीने के बाद तीनों स्कूटी से रहपुरा जागीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक मिक्सर ट्रक को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में राजेश के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि अन्य दोनों को मामूली चोटें आईं।
मेडिकल स्टोर तक ले गए, लेकिन अस्पताल नहीं पहुंचाया
हादसे के बाद आरोपी घायल राजेश को पास के एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उन्हें बताया गया कि युवक की हालत गंभीर है और उसे तत्काल किसी बड़े अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी है। इसके बावजूद दोनों आरोपियों ने न तो उसे अस्पताल पहुंचाया और न ही उसके परिवार को घटना की जानकारी दी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी घायल राजेश को अपने साथ लेकर ग्राम उनासी के पास पहुंचे और उसे एक खेत में छोड़कर वहां से चले गए।
पुलिस की सक्रियता से खुला राज, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहगंज पश्चिमी प्रभारी प्रवीण कुमार ने सक्रिय सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज कर दी। पुलिस ने 30 मई को रबड़ फैक्ट्री के पास स्थित खंडहर परिसर से निमेन्द्र उर्फ नेता उर्फ नरेन्द्र निवासी ग्राम ठिरिया खेतल और राजीव उर्फ राजवीर मौर्य निवासी ग्राम उनासी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों की भूमिका स्पष्ट होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की आगे भी गहन जांच जारी है।
