परिवार ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, भाई बोला-हमें चाहिए इंसाफ
बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि बेटी की शादी को अभी एक साल ही हुआ था, लेकिन इस दौरान उसे लगातार परेशान किया जाता रहा। परिवार ने यह सभी आरोप थाना कैण्ट में दी गई तहरीर में लगाए हैं। फिलहाल मामले को लेकर न्याय की मांग की जा रही है।
एक साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
भमोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक मझारा निवासी कृष्णपाल के अनुसार उनकी पुत्री वन्दिता का करीब एक वर्ष पहले ग्राम चौबारी, थाना कैण्ट निवासी आकाश के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद शुरू में सब ठीक था, लेकिन बाद में हालात बदलने लगे।

दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
परिवार ने थाना कैण्ट में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वन्दिता को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए लगातार परेशान करते थे। तहरीर के मुताबिक उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे धमकियां भी दी जाती थीं।
रात करीब 3:15 बजे मिली मौत की सूचना
परिवार के अनुसार 27 मई की रात करीब 3:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। परिजनों का कहना है कि उस समय वन्दिता गर्भवती थी। तहरीर में परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की गई है।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप, बोला-हमें न्याय चाहिए
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि आकाश और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या की है। उसका कहना है कि जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उनकी बहन मृत अवस्था में मिली। भाई ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार ने आकाश, जगदीश, रुपदेई, विजय, उमेश, सचिन समेत अन्य लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
