पीलीभीत : उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मंच से सख्त लहजे में कहते नजर आ रहे हैं कि “सड़क नमाज़ पढ़ने के लिए नहीं है, बल्कि सड़क चलने, एम्बुलेंस और यातायात व्यवस्था के लिए होती है।” मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
समाजवादी पार्टी पर भी बोला हमला
अपने संबोधन के दौरान मंत्री संजय सिंह गंगवार ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार के समय सड़कों पर नमाज़ पढ़ी जाती थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि बंगाल और बिहार में भी सड़कों पर नमाज़ पढ़ना बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था और सार्वजनिक व्यवस्था को प्राथमिकता देती है और सड़कें आम लोगों की आवाजाही के लिए हैं।
मीडिया के सवालों पर बोले- “योगी सरकार की गाइडलाइन से जनता सहमत”
वायरल बयान के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से प्रदेश की 25 करोड़ जनता सहमत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सड़क पर गमछा बिछाकर नमाज़ पढ़ी जाती थी, लेकिन अब कानून का पालन करना होगा। मंत्री ने कहा कि “योगी जी की सरकार में कानून सबके लिए समान है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।”
खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज़ को लेकर दी चेतावनी
संजय सिंह गंगवार ने बयान में यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में कुर्बानी देने या सड़क पर नमाज़ पढ़ने की गलती न करे। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Report : ऋतिक द्विवेदी
