ईएसआई अस्पताल, जीएसटी चेकिंग और बिजली संकट पर उठी आवाज
मुरादाबाद : शहर में आयोजित उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक में मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (MHEA) के प्रतिनिधियों ने उद्योग जगत से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेद उर रहमान, महासचिव अवधेश अग्रवाल और संरक्षक नजमुल इस्लाम मौजूद रहे। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो निर्यात कारोबार प्रभावित हो सकता है।
ईएसआई अस्पताल और जीएसटी चेकिंग का मुद्दा बना प्रमुख विषय
बैठक में सबसे पहले ईएसआई अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलना जरूरी है, लेकिन मौजूदा व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं। इसके अलावा लगातार हो रही जीएसटी चेकिंग को लेकर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई। कारोबारियों का कहना था कि बार-बार की जांच से व्यापार प्रभावित हो रहा है और उद्योगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से अनावश्यक उत्पीड़न रोकने की मांग की।
ट्रैफिक चेकिंग और बिजली ट्रिपिंग से प्रभावित हो रहा निर्यात कारोबार
उद्योगपतियों ने ट्रैफिक पुलिस की लगातार चेकिंग और माल वाहनों की आवाजाही में हो रही दिक्कतों पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि माल समय पर न पहुंच पाने से निर्यात कार्य प्रभावित हो रहा है और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही शहर और औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या को भी गंभीर मुद्दा बताया गया। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्पादन कार्य के दौरान बिजली कटने से मशीनें बंद हो जाती हैं, जिससे उद्योगों को भारी नुकसान होता है।
प्रदूषण नीति पर संतुलित समाधान की मांग
बैठक में बढ़ते प्रदूषण और उससे जुड़े नियमों पर भी चर्चा हुई। उद्योगपतियों ने प्रशासन से मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए ऐसी व्यावहारिक और संतुलित नीति बनाई जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण भी हो और उद्योगों का संचालन भी प्रभावित न हो। MHEA प्रतिनिधियों ने कहा कि मुरादाबाद का निर्यात उद्योग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए उद्योगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान जरूरी है। बैठक के अंत में उद्योग साथियों से एकजुट रहकर उद्योग हित के मुद्दे मजबूती से उठाने की अपील भी की गई।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
