बरेली/ शाहजहांपुर : यूपी के शाहजहांपुर जिले से एक चौंकाने वाली मर्डर मिस्ट्री सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की मौत के बाद उसका शव सूटकेस में पैक कर ठिकाने लगाने की कोशिश की। मामला तब खुला जब पति के ही भाई ने पुलिस को फोन कर सूचना दे दी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि महिला के मायके वालों को भी जानकारी दे दी गई है। यह घटना तिलहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पक्का कटरा की है। यहां रहने वाला अशोक कुमार अपनी 35 वर्षीय पत्नी सविता और तीन बच्चों के साथ रहता था। सविता घर-घर जाकर काम करती थी, जबकि अशोक एक निजी बैंक के लिए वसूली का कार्य करता है। दंपति का आठ वर्षीय बेटा अमन ब्लड कैंसर से पीड़ित है, जिससे सविता मानसिक रूप से बहुत परेशान थी। अशोक मोहल्ले में आई एक बारात देखने गया था। जब वह लौटा तो सविता को फंदे से लटका हुआ पाया। अशोक का कहना है कि उसने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक सविता की मौत हो चुकी थी। घबराहट में उसने शव को छुपाने की कोशिश की और उसे सूटकेस में पैक कर दिया।
भाई ने पलट दी पूरी कहानी
सविता की मौत के बाद अशोक ने अपने बरेली में रहने वाले भाई अनिल को फोन कर पूरी घटना बताई और सलाह मांगी। कुछ देर बाद जब अशोक को भाई की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तब वह शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था। इसी बीच अनिल ने पुलिस को फोन कर सूचना दे दी। सीओ तिलहर ज्योति यादव और थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अशोक से पूछताछ की। अशोक ने पुलिस को पूरी बात बताई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
ससुराल पक्ष ने लगाए आरोप
सविता मूल रूप से बुलंदशहर के खुर्जा की रहने वाली थी। पुलिस ने मायकेवालों को सूचित कर दिया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि सविता पति की प्रताड़ना और बेटे की बीमारी से अत्यधिक परेशान थी। पड़ोसियों ने बताया कि अशोक अक्सर सविता के साथ मारपीट करता था और उसकी आदतें ठीक नहीं थीं।
तीन बच्चों की मां थी सविता
सविता के तीन बच्चे हैं। 14 साल की बेटी संध्या, आठ साल का अमन और तीन साल का रोहित। बेटे अमन के इलाज में सविता अपनी पूरी कमाई खर्च कर चुकी थी। उसकी मानसिक और आर्थिक हालत बेहद कमजोर हो चुकी थी।
पुलिस की जांच जारी
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल अशोक पुलिस हिरासत में है और महिला के मायके वालों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सविता की मौत आत्महत्या थी या इसमें कोई साजिश शामिल है।
![]()
