बरेली: पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कर्तव्यों में लापरवाही और गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।अलग-अलग मामलों में किसी को लाइन हाजिर किया गया, तो किसी को निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन पर दरोगा लाइन हाजिर
पुलिस विभाग के अनुसार सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने का मामला सामने आने के बाद थाना फरीदपुर में तैनात उपनिरीक्षक शुभम सोम के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच में संबंधित इंस्टाग्राम आईडी उनकी पाई गई। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया। इस मामले की प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रेमनगर के दरोगा पर गंभीर आरोप, SSP ने किया निलंबित
शहर के थाना प्रेमनगर में तैनात उपनिरीक्षक शुभम चौधरी पर एक व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया कि उन्हें अवैध रूप से हिरासत में रखकर मारपीट की गई और पैसे लेने के बाद छोड़ा गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
महिला मामले में लापरवाही पड़ी भारी
महिला से जुड़े एक मामले में समय पर एफआईआर दर्ज न करने और जरूरी कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर थाना हाफिजगंज में तैनात उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, लापरवाही या किसी भी तरह की अनियमितता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
