शिक्षक दूल्हे समेत कई लोग थाने पहुंचे, दहेज मांगने का भी आरोप
बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित एक बरातघर में निकाह समारोह के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पीलीभीत जिले से आई बरात में खाने की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि बरातघर का गेट बंद कर बरातियों की पिटाई की गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दूल्हा समेत कुछ लोगों को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार देवरनिया थाना क्षेत्र के रिछा निवासी युवती का निकाह पीलीभीत जिले के बिलसंडा निवासी युवक से तय हुआ था। दूल्हा बहराइच जिले में सरकारी शिक्षक बताया जा रहा है।पीलीभीत रोड स्थित बरातघर में निकाह समारोह होना था, जहां लड़की पक्ष ने भव्य इंतजाम किए थे।
खाने को लेकर भड़का विवाद, बरात वापस ले जाने की नौबत
बताया जा रहा है कि खाना खाने के दौरान दूल्हा नाराज हो गया और उसने बरातियों को खराब खाना परोसने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उसके समर्थन में कई बराती भी खड़े हो गए। माहौल इतना बिगड़ गया कि बरात वापस ले जाने की नौबत आ गई। आरोप है कि इसके बाद दुल्हन पक्ष ने बरातघर का गेट बंद करा दिया और हंगामा कर रहे बरातियों की पिटाई कर दी। विवाद बढ़ने पर किसी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दूल्हा और उसके कुछ परिजनों को थाने ले आई।
दहेज मांगने का आरोप, पुलिस समझौते की कोशिश में
रुहेलखंड चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। दुल्हन पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर दूल्हा पक्ष पर दहेज मांगने और गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए और स्विफ्ट डिजायर कार भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद दूल्हा पक्ष स्कॉर्पियो की मांग कर रहा था। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। यदि समझौता नहीं हुआ, तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।
