बरेली : यूपी के बरेली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। शुरुआत में यह मामला एक भाई की हत्या और परिवार को इंसाफ दिलाने का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ कहानी पूरी तरह बदल गई।पुलिस के मुताबिक जिस व्यक्ति ने अपने भाई की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी, वही पुलिस की जांच में हत्यारा निकला। इस खुलासे के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई है।
1 मई को हुई घटना, हत्या के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
यह मामला फरीदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर हंस गांव का है। पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को उमेशपाल सिंह ने थाना फरीदपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि कुछ लोगों ने उसके भाई इन्द्रपाल सिंह को रास्ते में रोक लिया, उनके साथ गाली-गलौज की और बाद में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।शिकायत में कई लोगों के नाम भी शामिल किए गए थे। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया,और जांच शुरू कर दी। शुरुआत में मामला पूरी तरह सीधा दिखाई दे रहा था, और ऐसा लग रहा था कि शिकायत में जिन लोगों के नाम दिए गए हैं, वही आरोपी हैं।
पुलिस ने बनाई कई टीमें, जांच के दौरान बदलने लगे हालात
इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को सुलझाने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। थाना स्तर पर तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया। इसके साथ ही सर्विलांस टीम, एसओजी टीम, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया। पुलिस हर पहलू पर काम कर रही थी और हर छोटे-बड़े साक्ष्यों को ध्यान से जांच रही थी। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कुछ ऐसी तकनीकी जानकारियां और साक्ष्य सामने आने लगे, जिन्होंने पुलिस का ध्यान शिकायतकर्ता उमेशपाल सिंह की ओर खींचना शुरू कर दिया।
23 दिन बाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार जांच में मिले तथ्यों को एक-दूसरे से जोड़ने के बाद पूरी कहानी बदलती दिखाई दी। इसके बाद 23 मई 2026 को पुलिस ने उमेशपाल सिंह को ग्राम रुरिया वाली पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी तमंचा और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर इस मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यह साफ होने लगा कि शुरुआत में दर्ज कराई गई शिकायत और जांच में सामने आए तथ्य एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे थे।
पूछताछ में हत्या की ये वजह आई सामने
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके बड़े भाई की बेटी गांव के ही युवक विकास के साथ प्रेम संबंधों के चलते घर छोड़कर चली गई थी और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। इस घटना के बाद परिवार और गांव में सामाजिक बदनामी की बातें होने लगी थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी इन बातों से मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और उसे लगता था कि उसके भाई की वजह से परिवार की बदनामी हो रही है। पुलिस के अनुसार इसी नाराजगी में उसने अपने भाई की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने हत्या के बाद पुराने विवाद का फायदा उठाते हुए दूसरे लोगों को इस मामले में फंसाने की भी कोशिश की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज रहे हैं और उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
