बरेली : देहात की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित जाम खजूर गांव में रविवार को खेत की मेड़ को लेकर पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।गोली लगने से एक ही परिवार के चार भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार गांव में खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। रविवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने -सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक चली गोलियों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए।
फायरिंग में एक ही परिवार के चार भाई घायल
इस घटना में आरिफ, शारिक, वामिक और शारिफ पुत्रगण जिलानी खान गोली लगने से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका उपचार चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि किसी तरह की दूसरी अप्रिय घटना न हो सके।पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और ग्रामीणों से पूछताछ की।
मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस तैनात
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि खेत की मेड़ के विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष हुआ था। फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले पक्ष के यासीन नामक युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप
स्थानीय लोगों के अनुसार खेत की सीमांकन और मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। हालांकि, इस बार मामला इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
