लखनऊ : 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को लखनऊ स्थित बसपा कार्यालय में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने पदाधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। मायावती ने कहा कि आने वाले चुनाव को देखते हुए पार्टी को और ज्यादा सक्रिय होकर काम करना होगा।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, जनाधार बढ़ाने और मजबूत प्रत्याशी चयन पर हुई चर्चा
बैठक में मायावती ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को आगे लाएगी जो जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हों और जनहित के मुद्दों को उठाने की क्षमता रखते हों। बसपा प्रमुख ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहने की सलाह भी दी।
“आयरन लेडी” नेतृत्व पर फिर भरोसा करे जनता, मायावती बोलीं- जनता का आत्मसम्मान सुरक्षित करना जरूरी
बैठक के दौरान मायावती ने खुद को “आयरन लेडी” बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर बसपा और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों का आत्मसम्मान और रोजी-रोटी दोनों संकट में हैं। सरकारों को कानून व्यवस्था, रोजगार और गरीबों के हितों पर गंभीरता से काम करना चाहिए। मायावती ने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों समर्थक राजनीति से आम जनता को नुकसान पहुंच रहा है।
विरोधी दलों की राजनीति से बचने की अपील, बसपा ने पांचवीं बार सरकार बनाने का रखा लक्ष्य
मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों की “संकीर्ण राजनीति” से बचने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बसपा के पक्ष में लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। बसपा ने 2027 में पांचवीं बार सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है। बैठक में चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती और जनता के बीच पार्टी की पकड़ बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
