गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राज चौपला स्थित ईएसआईसी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद रैपिड रेल के पिलर से जा भिड़ी और कई पलटियां खाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ पूरा हादसा?
जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के परतापुर थाना क्षेत्र के कुंडा गांव निवासी आदेश कसाना अपने चार दोस्तों के साथ कार से बुधवार रात लोनी गए थे। बृहस्पतिवार तड़के सभी लोग अपने एक अन्य दोस्त अंकित तिवारी के साथ मेरठ लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही उनकी कार दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ईएसआईसी अस्पताल के पास पहुंची, तभी कार तेज रफ्तार में अचानक बेकाबू हो गई। कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर रैपिड रेल के पिलर से जोरदार टक्कर के बाद कई बार पलट गई।
कार में लगी आग, मौके पर मचा हड़कंप
टक्कर के बाद कार के अगले हिस्से में आग लग गई। राहगीरों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल भेजा।
2 की मौत, 3 गंभीर घायल, एक युवक मौके से लापता
अस्पताल में डॉक्टरों ने आदेश कसाना (32) और अंकित तिवारी (25) को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन लोग कुलदीप, आदेश पाल और हिमांशु पाल गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार रोहित नाम का युवक सुरक्षित बाहर निकल गया और मौके से कहीं चला गया। उसकी तलाश की जा रही है।
बाल-बाल बचे राहगीर, यातायात हुआ बाधित
हादसे के दौरान ईएसआईसी अस्पताल की एक महिला सफाईकर्मी और डिवाइडर पर सो रहा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात बहाल कराया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
