पीलीभीत : जनपद के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ढकिया महक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ लोगों द्वारा खुलेआम अंधाधुंध फायरिंग और पथराव किया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, तमंचा तानकर फायरिंग का आरोप
जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिंह अपने तीन साथियों के साथ गांव पहुंचा और एक व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे लेखराज को भी आरोपियों ने निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान आरोप है कि आरोपियों ने तमंचा तानकर फायरिंग भी की, हालांकि लेखराज बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। लेखराज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
