शाहजहांपुर : जिले में रविवार को कांट-जलालाबाद हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर चौराहे के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ऑटो में महिला और बच्चों समेत सात लोग सवार थे और वह जलालाबाद की ओर से आ रहा था।
पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में कांट थाना क्षेत्र के गांव बवक्करपुर निवासी 28 वर्षीय रामक्षत्रिय, जलालाबाद के मोहल्ला यूसूफजई निवासी 45 वर्षीय कल्लू और उनकी पत्नी राबिया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।
चार घायल अस्पताल में भर्ती, चालक फरार
हादसे में 18 वर्षीय मुस्कान, चार वर्षीय कृष्णा और अनूप समेत चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ऑटो को अल्हागंज थाना क्षेत्र के मऊ खालसा निवासी नवेद चला रहा था। पुलिस ने हादसे के बाद डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। डंपर में गिट्टी और मौरंग भरी हुई थी। सीओ सिटी पंकज पंत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
