देहरादून : हरिद्वार के वीआईपी घाट पर शनिवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला रहा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियों का गंगा में पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। लेकिन इस दौरान सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाला पल वह था, जब उनकी मासूम बेटी ने अपने पिता के लिए आखिरी संदेश गंगा की धारा में प्रवाहित किया।
अस्थि विसर्जन के दौरान बेटी के हाथ में एक छोटा-सा कार्ड था, जिस पर लिखा था — “आई लव यू पापा” और उसके साथ एक दिल का निशान बना हुआ था। जैसे ही बच्ची ने वह कार्ड पिता की अस्थियों के साथ मां गंगा की धारा में बहाया, वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। घाट पर मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके।
इस दौरान पत्नी अर्पणा यादव भी बेहद गमगीन नजर आईं। उन्होंने नम आंखों से अंतिम धार्मिक रस्में निभाईं। बेटी को अपने सीने से लगाकर वह खुद भी फूट-फूटकर रो पड़ीं। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे दुख में दिखाई दिए। बेटी ने अस्थि कलश को माथे से लगाकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी।
परिवार के साथ अर्पणा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार पहुंचे थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वीआईपी घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। धार्मिक मंत्रोच्चार और गंगा आरती के बीच पूरे विधि-विधान से अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि पिता के लिए बेटी का वह मासूम संदेश हर किसी के दिल को छू गया। छोटी बच्ची के हाथ से “आई लव यू पापा” लिखा कार्ड गंगा में बहते देख वहां मौजूद कई लोगों की आंखों से आंसू निकल आए।
बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव के निधन के बाद परिवार लगातार शोक में डूबा हुआ है। समाजवादी पार्टी से जुड़े कई नेता और करीबी लोग भी परिवार के दुख में शामिल हो रहे हैं। हरिद्वार में हुए इस अस्थि विसर्जन के दौरान भावनाओं का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक भावुक कर दिया। एक बेटी का अपने पिता के लिए प्यार और विदाई का यह दृश्य लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।
