बरेली : शहर के इज्जतनगर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गांव कुमरा में एक युवक को उस समय सांप ने डस लिया, जब वह अपने बैग से कपड़े निकाल रहा था। अचानक हुई इस घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
बैग के अंदर छिपा था सांप, कपड़े निकालते ही किया हमला
जानकारी के अनुसार, गांव कुमरा निवासी 25 वर्षीय मनोज शनिवार सुबह नहाने के बाद अपने बैग से कपड़े निकाल रहे थे। इसी दौरान बैग में पहले से छिपे बैठे सांप ने उनके सीधे हाथ की अंगुली में डस लिया। सांप के डसते ही मनोज दर्द से चीख उठे, जिसके बाद परिवार के लोग घबरा गए।
घर में मची अफरा-तफरी, तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य बिना देरी किए मनोज को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। समय रहते अस्पताल पहुंचने की वजह से उनकी हालत को नियंत्रण में बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने सांप को पकड़ा, डॉक्टर बोले- खतरे से बाहर है युवक
मनोज ने बताया कि जैसे ही उसने बैग में हाथ डाला, अंदर मौजूद सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़ लिया और बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने की वजह से युवक की हालत में सुधार है और वह अब खतरे से बाहर है।
