सपा सरकार बनने पर स्वर्णकार बोर्ड और डिजाइन यूनिवर्सिटी का वायदा, यूपी भर से पहुंचे नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर जताया शोक
एसपी चीफ बोले- भाजपा राज में व्यापारी तबाह, 2027 में होगा सफाया तय
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में व्यापारी वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है और पुलिस -प्रशासन द्वारा फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर दिन व्यापारी पुलिस उगाही का शिकार हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि व्यापारी समाज सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देता है,लेकिन इसके बावजूद व्यापारियों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों ने सर्राफा कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, और सोने को लेकर सरकार के हालिया फैसलों से व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार को कंफ्यूज बताया। पीएम के सोना न खरीदने के बयान को गलत बताया। इसके साथ ही बंगाल में ममता दीदी को गलत तरीके से हराने की बात कही। बोले-उनका वोट नहीं पड़ने दिया।
देश की अर्थव्यवस्था कुछ लोगों तक सीमित

सपा प्रमुख ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कुछ लोगों तक सीमित होकर रह गई है। आम जनता के पास पैसा नहीं है, जिससे बाजार और कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बढ़ती महंगाई के लिए भी भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि स्वर्णकार समाज देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है। अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो स्वर्णकार बोर्ड का गठन किया जाएगा और स्वर्णकारों के लिए डिजाइन विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर लगाए जाने की भी घोषणा की।
प्रदेश भर से पहुंचे सपाइयों ने जताया शोक

शनिवार को पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में देश और प्रदेश भर से सपा और तमाम संगठनों के लोग पहुंचे। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से उनके छोटे भाई के निधन पर शोक जताया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि दुख का वक्त है, लेकिन सभी हमारे साथ हैं। इसके बाद उन्होंने भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रदेश के कई शहरों में बड़े पैमाने पर जमीनों की खरीद-फरोख्त हुई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीनों की रजिस्ट्री कराई है।
यूपी की कानून व्यवस्था ध्वस्त

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को सुरक्षा और न्याय मिलेगा तथा प्रदेश में अमन-चैन कायम होगा।
इस दौरान स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने भी भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का डर दिखाकर व्यापारियों को परेशान किया जाता है। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वर्णकार समाज का भरोसा समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर है।
यह थे मौजूद
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिनमें सांसद राम भुआल निषाद, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, अंबिका चौधरी, पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां फूल बाबू, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, विधायक फरीद महमूद किदवई सहित बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग शामिल रहे।
