बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गया। कादरचौक थाना क्षेत्र के भकोड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय पुरुषोत्तम की कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिवार के लोगों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम पुत्र मेघसहाय को शुक्रवार को अचानक बुखार आया था। तबीयत खराब होने पर वह गांव में ही मौजूद एक कथित डॉक्टर के पास इलाज कराने पहुंचे। परिवार का आरोप है कि वहां मौजूद झोलाछाप डॉक्टर ने बिना किसी जांच के पुरुषोत्तम को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होते देख परिजनों में हड़कंप मच गया।
आरोप है कि जब परिवार के लोगों ने डॉक्टर से तबीयत बिगड़ने की वजह पूछी तो उसने इंजेक्शन का रिएक्शन होने की बात कही। इसके बाद उसने एक और इंजेक्शन लगा दिया। लेकिन दूसरा इंजेक्शन लगने के बाद पुरुषोत्तम की हालत और ज्यादा गंभीर हो गई। उनकी सांस लेने में दिक्कत बढ़ने लगी और शरीर ने जवाब देना शुरू कर दिया।
हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि अगर सही इलाज मिलता तो पुरुषोत्तम की जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से यह हादसा हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गांवों और कस्बों में बड़ी संख्या में झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम क्लीनिक चला रहे हैं। बिना डिग्री और बिना विशेषज्ञता के मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिससे आए दिन लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ भी की जा सकती है।
रिपोर्ट: अरविंद,बदायूं
