बरेली : यूपी के बरेली में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रही पेयजल योजनाओं की प्रगति और अलग-अलग जगहों पर आ रही समस्याओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने चल रही परियोजनाओं की जानकारी डीएम को दी।
121 परियोजनाओं की रिपोर्ट में सामने आई समस्याएं

बैठक में बताया गया कि जिले में 121 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इनकी जांच के लिए अधिकारियों की रिपोर्ट भी पेश की गई। रिपोर्ट में सामने आया कि ग्राम खतौसा में वायर चोरी होने से पानी की सप्लाई रुक गई थी, जिस पर तीन दिन में री-वायरिंग कर सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह महेशपुर शिव सिंह में बाउंड्री वाल टूटी होने पर 15 दिन में मरम्मत करने को कहा गया। वहीं सिमरा बोरीपुर गांव में पांच घरों में पानी के कनेक्शन नहीं थे, जिनके लिए तुरंत कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए।
ओवरहेड टैंकों की जांच के सख्त निर्देश

डीएम ने साफ निर्देश दिए कि जिले के सभी ओवरहेड टैंकों की जांच कराई जाए और अभियंताओं से इसका प्रमाण पत्र भी लिया जाए। उन्होंने कहा कि टैंकों की जमीन और आसपास के इलाके की भी जांच हो, खासकर जो टैंक आबादी के पास हैं, उनकी प्राथमिकता से जांच की जाए ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या खतरा न रहे।
तकनीकी जांच और नियमित निगरानी पर जोर

बैठक में यह भी तय हुआ कि आईटी और एनआईटी के तकनीकी विशेषज्ञों से भी परियोजनाओं की जांच कराई जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी काम सही तरीके और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी/सीडीओ देवयानी, जल निगम ग्रामीण की अधिशासी अभियंता कुमकुम गंगवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
