बरेली : पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत जिले में “नो व्हीकल डे” लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान की शुरुआत डीएम अविनाश सिंह ने खुद पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचकर की और लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
डीएम ने खुद किया पैदल सफर, हटाई गई सरकारी गाड़ियां
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अब सप्ताह में दो दिन बिना सरकारी वाहन के कार्यालय आएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास मौजूद सभी एस्कॉर्ट और अतिरिक्त गाड़ियां हटा दी गई हैं और उन्होंने स्वयं भी पैदल चलकर इस अभियान की शुरुआत की है।
हफ्ते में दो दिन ‘नो व्हीकल डे’, सोमवार और शनिवार तय
डीएम ने बताया कि अब हर सोमवार और शनिवार को जिले में “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा सरकारी वाहन या एस्कॉर्ट का उपयोग नहीं किया जाएगा। सभी को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत के अनुसार ही वाहन का उपयोग करें।
ईंधन बचत और पर्यावरण सुरक्षा पर जोर
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ ईंधन बचत नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। जहां संभव हो वहां पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
