सपा प्रमुख ने कहा-क्या गारंटी कि दोबारा परीक्षा फिर लीक नहीं होगी?,महिला आरक्षण लागू करे भाजपा, सिर्फ नारा न बनाएं
प्रयागराज/लखनऊ : अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज पहुंचकर भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के दिवंगत पति को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था, महिला आरक्षण, NEET परीक्षा और भाजपा नेताओं पर तीखे सवाल उठाए।
स्टूल वालों के लिए गद्दी लगा देते…
प्रयागराज में बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता पर चुटकी लेते हुए कहा,
“स्टूल वालों के लिए गद्दी तो लगा देते, कुछ अच्छा विभाग मिल जाता।”उनका इशारा यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर माना जा रहा है। अखिलेश यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
“भाजपा खुद देश के लिए संकट”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह कोई अपील नहीं बल्कि भाजपा के पतन की घोषणा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में है, फिर भी देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है।उन्होंने सवाल उठाया कि डॉलर की स्थिति कमजोर क्यों हो रही है और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आखिर क्यों पूरा नहीं हुआ। अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।
क्या गारंटी कि दोबारा परीक्षा फिर लीक नहीं होगी?

सपा प्रमुख ने महिला आरक्षण को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने परीक्षा पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। बोले – लाखों छात्रों और करोड़ों अभिभावकों में सरकार की व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश और निराशा है। अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा, “ये क्या गारंटी है कि दोबारा कराई जाने वाली परीक्षा फिर लीक नहीं होगी?” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में परीक्षा प्रणाली लगातार अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का शिकार हो रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार रहेगी, तब तक पेपर लीक की घटनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने सरकार को “नाकाम सरकार” बताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर दिए गए इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
बंगाल हत्याकांड और घोटालों का भी किया जिक्र
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सचिव से जुड़े हत्या मामले में यूपी से हुई गिरफ्तारी पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आरोपी की तस्वीरें भाजपा नेताओं के साथ सामने आई हैं।इसके अलावा उन्होंने झांसी में सामने आए कथित 100 करोड़ रुपये के घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों के नाम लगातार विवादों में सामने आ रहे हैं।
यूपी में भाजपा के पास ड्राई क्लीन की दुकान है…
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “यूपी में भारतीय जनता पार्टी के पास ड्राई क्लीन की दुकान है।”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने नेताओं और करीबी लोगों पर लगे आरोपों को बचाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अव्यवस्था बढ़ी है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
पूजा पाल को डिप्टी सीएम बना दो…
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “हम तो चाहते हैं पूजा पाल जी को डिप्टी सीएम बना दिया जाए, दो स्टूल वालों में से एक का स्टूल छीन लिया जाए।”अखिलेश यादव का यह बयान यूपी की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। माना जा रहा है कि उनका इशारा प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर था।
महिला आरक्षण लागू करे भाजपा, सिर्फ नारा न बनाएं
उन्होंने भाजपा पर महिलाओं को राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में आगे करने का आरोप लगाया है। बोले – अगर भाजपा सच में महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहती है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण पूरी तरह लागू करे।अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा केवल नारेबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण का समर्थन पहले ही किया जा चुका है और अब भाजपा सरकार को इसे जमीन पर लागू करना चाहिए। सपा प्रमुख ने भाजपा पर महिलाओं के सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार की कथनी और करनी में फर्क साफ दिखाई देता है।
