बदायूं : बदायूं से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां अंत्येष्टि में शामिल होने आया एक युवक गंगा में नहाते समय डूब गया। काफी देर तक तलाश के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मामला बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र स्थित रामगंगा घाट का है। बताया जा रहा है कि उसावा थाना क्षेत्र के नगरिया गांव निवासी रानू सक्सेना अपने रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने घाट पर पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के एक सदस्य की अंत्येष्टि के दौरान रानू गंगा में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट : आसिम अली
