फिटनेस के लिए सेना की पहल, बरेली की सड़कों पर दौड़ी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली
बरेली : रविवार सुबह शहर की सड़कों पर फिटनेस और जोश का अनोखा नजारा देखने को मिला। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय थल सेना की ओर से आयोजित “संडे ऑन साइकिलिंग” कार्यक्रम में जवानों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस साइकिल रैली का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना रहा।शहर की सड़कों पर दिखा फिटनेस का जोश
साइकिल रैली की शुरुआत
भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र से हुई। इसके बाद प्रतिभागी धोपेश्वर नाथ मंदिर, धोपेश्वर नाथ चौक, कैंटोमेंट हॉस्पिटल, ऑफिसर मैस और अब्दुल हाफिज़ द्वार से होते हुए जाट रेजीमेंट सेंटर स्टेडियम पहुंचे। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में जवानों और खिलाड़ियों को साइकिल चलाते देख राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना की। पूरे रास्ते फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
रोज 30 मिनट साइकिल चलाइए, फिट रहिए
कार्यक्रम के दौरान सेना के अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से रोजाना कम से कम 30 मिनट साइकिल चलाने और नियमित व्यायाम करने की अपील की। साथ ही मोबाइल और स्क्रीन टाइम कम कर खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।
ब्रिगेडियर ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
रैली का शुभारंभ जाट रेजीमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर हरजीत पाल सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद वर्मा और भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र प्रभारी संदीप मोहन चौधरी ने किया। अधिकारियों ने कहा कि फिटनेस केवल सैनिकों के लिए ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए जरूरी है। स्वस्थ शरीर ही मजबूत समाज की पहचान है।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की रही अहम भागीदारी
कार्यक्रम में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी कैंट बरेली के करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुश्ती प्रशिक्षक नवीन बालियान, सेपकटाकरा प्रशिक्षक मीना कुमारी, उपेंद्र पाल, शुभम चौरसिया और अर्पित बाजपेयी समेत कई खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित साइकिलिंग और फिटनेस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
