चेन्नई : तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया, जब अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के मुख्यमंत्री बनते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। राज्यभर में टीवीके कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान टीवीके प्रमुख विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि तमिलनाडु में एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में वास्तविक धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और जनकल्याण पर आधारित नए युग की शुरुआत हो चुकी है। विजय ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है और उनकी सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी। समारोह में बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार, उद्योगपति और आम लोग मौजूद रहे। जैसे ही विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पूरे स्टेडियम में तालियों और नारों की गूंज सुनाई दी। इस दौरान विजय के पिता भी भावुक नजर आए और परिवार के सदस्यों की आंखों में खुशी के आंसू दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य के विकास को नई दिशा देगी।
मुख्यमंत्री विजय के साथ नौ नवनिर्वाचित विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में केजी अरुणराज, एन आनंद, आधव अर्जुन, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर निर्मल कुमार, राजमोहन, टीके प्रभु और एस कीर्तना शामिल रहे। नई कैबिनेट में युवाओं और अनुभवी नेताओं के संतुलन को खास महत्व दिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद चेन्नई सहित राज्य के कई जिलों में टीवीके समर्थकों ने रैलियां निकालीं। पार्टी कार्यालयों के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। समर्थकों का कहना है कि विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु में नई राजनीति की शुरुआत होगी और युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
अभिनेता के रूप में करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले विजय ने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई। कुछ ही समय में उन्होंने अपनी पार्टी को मजबूत जनाधार दिलाया और अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। तमिलनाडु में विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही नई सरकार से लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि टीवीके सरकार अपने वादों को किस तरह जमीन पर उतारती है।
