हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में आठ माह के मासूम बच्चे समेत दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसा हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में गांव जखेड़ा रहमत के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बरेली से लुधियाना जा रहा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कैंटर में सवार दो महिलाओं और एक आठ माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हरदोई जिले के मांझ गांव निवासी अभिषेक की पत्नी श्रीदेवी, उनके आठ माह के बेटे अभिजीत और बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के सकतीया सिंगवाली गांव निवासी सावित्री देवी के रूप में हुई है। हादसे में लालाराम और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना या तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार जारी है। गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
