बरेली : मीरगंज से भाजपा विधायक डॉ.डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के लापता होने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। गुरुवार शाम से रहस्यमय तरीके से गायब हुए अंकित वर्मा शनिवार को शहर के सैटेलाइट बस अड्डे पर मिल गए। अंकित के सकुशल मिलने के बाद परिवार और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। जानकारी के मुताबिक अंकित वर्मा नैनीताल रोड स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में एम फार्मा के छात्र हैं। वह 7 मई की शाम करीब छह बजे कॉलेज से मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
मोबाइल फोन बंद आने से परिजनों की बढ़ी चिंता
अंकित वर्मा के अचानक गायब होने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई थी।परिवार ने भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कॉलेज परिसर के सीसीटीवी कैमरे, कॉल डिटेल और अन्य संभावित स्थानों की जांच शुरू कर दी थी। विधायक डॉ. डीसी वर्मा समेत परिवार के तमाम लोग लगातार अंकित की तलाश में जुटे हुए थे।
सैटेलाइट बस अड्डे पर मिला छात्र
शनिवार को अंकित वर्मा के शहर के सैटेलाइट बस अड्डे पर मिलने की सूचना के बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। फिलहाल, छात्र के अचानक गायब होने के कारणों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। शुरुआती तौर पर मामला किसी मानसिक तनाव या निजी कारणों से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने ली जानकारी
भोजीपुरा थाना पुलिस का कहना है कि अंकित सुरक्षित मिल गए हैं।उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह दो दिनों तक कहां रहे और मोबाइल फोन बंद क्यों था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
