लखनऊ/श्रावस्ती : यूपी के श्रावस्ती जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के जब्दी गांव में सैफुद्दीन नामक युवक पर अपनी पत्नी सकीना उर्फ मुकिना (25 वर्ष) की हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत और बाग से हाथ के अधजले टुकड़े बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस काफी गहनता से जांच कर रही है।
मछलियों को खिला दिया शव, हाथ के टुकड़े खेत से मिले

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी सैफुद्दीन ने स्वीकार किया कि पत्नी की हत्या के बाद उसके शव के कई हिस्सों को टुकड़ों में काटकर मछलियों को खिला दिया, जबकि हाथ को जलाकर खेत में दफना दिया गया था। घर से महज 500 मीटर दूर मोहनलाल वर्मा के खेत में बने बोरिंग गड्ढे से दो टुकड़े बरामद किए गए। इसके बाद पास की आम की बाग से हाथ का अधजला अवशेष भी मिला।
भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मृतका के भाई सलाहुद्दीन ने अपनी बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सैफुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सलाहुद्दीन का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या दहेज के लिए की गई है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी घनश्याम चौरसिया, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ संतोष कुमार, थानाध्यक्ष सौरभ सिंह और नायब तहसीलदार विजय प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।
गांव में सनसनी, आरोपी से पूछताछ जारी
पूरे क्षेत्र में इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव के अन्य हिस्सों का क्या हुआ। सैफुद्दीन से लगातार पूछताछ जारी है और उसकी भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है।
जानें क्या बोले अधिकारी
एसपी श्रावस्ती घनश्याम चौरसिया ने मीडिया को बताया कि “आरोपी की निशानदेही पर शव के अंगों के अवशेष बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पूरी सच्चाई पोस्टमॉर्टम और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद सामने आएगी।”
हत्या की कहानी में कई परतें
यह मामला अब सिर्फ दहेज हत्या नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित और निर्मम हत्या का रूप ले चुका है। आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद शव को साक्ष्य मिटाने के लिए टुकड़ों में काटकर नष्ट करने का प्रयास किया, जो पुलिस के लिए गंभीर आपराधिक संकेत है।
![]()
