बरेली : यूपी के बरेली जिले में पुलिस ने नशा तश्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना शाही पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 2 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत की स्मैक, नकदी, नोट गिनने की मशीन और एक कार बरामद हुई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
रात में चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाही पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तुरसापट्टी तिराहे के पास एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। कार सवार लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। कार में चार लोग सवार थे, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
2 करोड़ की स्मैक, नकदी और मशीन बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 किलो 113 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1.5 लाख रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, 5 मोबाइल फोन, 3 किलो बेंटोनाइट पाउडर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार भी जब्त की गई।
हल्द्वानी से लाते थे स्मैक, ऐसे करते थे सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक हल्द्वानी (उत्तराखंड) से लाते थे और उसे बेंटोनाइट पाउडर में मिलाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाते थे। इसके बाद आसपास के इलाकों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। घटना वाली रात भी आरोपी धौराटांडा क्षेत्र में माल बेचकर मीरगंज की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
अपराधी इतिहास भी आया सामने, केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शराफत, नासिर, शान खान और मुनासिफ के रूप में हुई है, जो बरेली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें से कुछ आरोपियों पर पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना शाही में NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
