बरेली: भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एंटी करप्शन टीम बरेली को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी तहसील फरीदपुर में तैनात था और जमीन की नाप-तौल के बदले पैसे मांग रहा था।
रेलवे क्रॉसिंग के पास रंगे हाथ पकड़ा
एंटी करप्शन टीम ने 29 अप्रैल को शाम करीब 5:22 बजे आरोपी को बिलपुर रेलवे स्टेशन के पास फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। यह कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
जमीन की नाप-तौल के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता राजीव, निवासी ग्राम खजुरिया ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन की पैमाइश करने के बदले कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई शुरू
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना, बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और आगे की जांच भी की जाएगी।
शिकायत के लिए जारी किए गए नंबर
एंटी करप्शन टीम ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। इसके लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
