पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले में पूर्ति विभाग द्वारा एक किसान के घर से 200 लीटर डीजल बरामद कर मुकदमा दर्ज करने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।इस कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने प्रेसवार्ता कर सरकार और यूपी सरकार के एक राज्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हेमराज वर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई किसानों के खिलाफ द्वेषपूर्ण है, और एक मंत्री के इशारे पर की गई है।उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि वह जिले के लिए “सौभाग्य नहीं, बल्कि दुर्भाग्य” साबित हो रहे हैं।
जानिए पूरा मामला
यह मामला जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव अंडरायन का है। यहां के निवासी किसान ललित वर्मा के घर से डीजल बरामद होने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सपा नेता का दावा है कि ललित वर्मा के पास करीब 80 बीघा खुद की और 25 बीघा ठेके की जमीन है, और वह जिला पंचायत सदस्य की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक कारणों से उन्हें निशाना बनाया गया है।
आंदोलन की दी चेतावनी
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सरकार झूठी वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद में किसानों को कम दाम मिल रहे हैं, और बिचौलियों का दबदबा बना हुआ है। सपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।उन्होंने इसे “गंभीर प्रकरण” बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से किसानों में भय का माहौल बन रहा है।
