सपा प्रमुख बोले – किसानों को 24 घंटे में भुगतान का वायदा, निशा विश्वकर्मा मामले में सपा का साथ, न्याय तक लड़ाई जारी
लखनऊ/गाजीपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर की दिवंगत निशा विश्वकर्मा के परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, और न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। इस घोषणा के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा नेताओं के दौरान गाजीपुर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प की खबर सामने आई। जिसमें वरिष्ठ नेता राम आसरे विश्वकर्मा घायल हो गए। इसके बावजूद पार्टी ने अपने रुख को कायम रखते हुए न्याय की मांग को और तेज करने का संकेत दिया है
हत्या या आत्महत्या? बयानों की जंग तेज

निशा विश्वकर्मा की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी चरम पर है।एक ओर भाजपा और सहयोगी दलों के नेता इसे आत्महत्या बता रहे हैं, वहीं समाजवादी पार्टी इसे हत्या करार देते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रही है। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
चुनाव के बाद डीज़ल-पेट्रोल और खाद होंगे महंगे
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव खत्म होते ही डीज़ल, पेट्रोल और खाद की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार चुनाव के दौरान जनता को राहत देने का दिखावा करती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही महंगाई का बोझ बढ़ा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता और किसानों को आर्थिक रूप से प्रभावित करने वाली नीतियां जानबूझकर चुनाव बाद लागू की जाती हैं।
किसानों को 24 घंटे में भुगतान का वायदा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किसानों को लेकर बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों, खासकर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।अखिलेश यादव ने इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉरपस फंड बनाने की घोषणा की। जिससे किसानों को समय पर भुगतान मिल सके और उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मजबूती देने के लिए ठोस कदम उठाएगी।
प्रतिनिधिमंडल करेगा परिवार से मुलाकात
सपा ने घोषणा की है कि 28 अप्रैल को वरिष्ठ नेता राम आसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर जाएगा। इसमें महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर सहित अन्य विधायक शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर उनकी मांगों के अनुसार न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएगा।
शिक्षा पर जोर, टॉपर्स को किया सम्मानित

इसी बीच अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड 2026 की टॉपर छात्राओं अंशिका वर्मा, कशिश वर्मा और शिखा वर्मा को सम्मानित किया।हाईस्कूल टॉपर्स अंशिका और कशिश को iPad भेंट किया गया, जबकि इंटर टॉपर शिखा को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।
यूपी की कानून -व्यवस्था कमजोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रतापगढ़ में दलित बेटी की हत्या पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में एक दलित बेटी की हत्या को लेकर गहरा दुख जताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि प्रदेश में ‘पीडीए बेटियों’ की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने पूछा कि आखिर उत्तर प्रदेश में बेटियों के खिलाफ अपराध क्यों नहीं रुक रहे हैं, और क्या महिला सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजी हैं या इसमें भी भेदभाव हो रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनावी व्यस्तताओं में उलझी हुई है और प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दे रही। सपा प्रमुख ने कानपुर की एक बेटी का जिक्र करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लगातार समय मांगती रही, लेकिन उसे निराशा हाथ लगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि कम से कम ऐसे पीड़ितों से मिलकर संवेदनशीलता दिखाएं।
अखिलेश का BJP पर हमला-“दीदी रहेंगी, एजेंडे के एजेंट बेनकाब होंगे”
पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘ऑब्जर्वर’ के नाम पर अपने एजेंट भेज रही है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा और “दीदी हैं, दीदी रहेंगी”। अखिलेश यादव ने कहा कि सही समय आने पर ऐसे लोगों की गहन जांच होगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने इन्हें “एजेंडे के एजेंट” बताते हुए कहा कि ये लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और इन्हें न तो भागने दिया जाएगा, न ही बचने दिया जाएगा। सपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि ऐसे सभी लोगों को खोजकर उनके कृत्यों के लिए सजा दिलाई जाएगी।इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति को लेकर बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
