बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से एसएसपी अनुराग आर्य ने चौकी की कमान उपनिरीक्षक आदेश कुमार को सौंप दी है। कार्यभार संभालते ही नवनियुक्त चौकी प्रभारी ने साफ संकेत दे दिए हैं कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के लिए अब कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम जनता को सुरक्षित माहौल देना है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
जाम से निजात और अपराध पर सख्ती प्राथमिकता

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में आदेश कुमार ने स्पष्ट किया कि कस्बे में लंबे समय से जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है, जिसे खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और खास तौर पर स्मैक तस्करों पर शिकंजा कसने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
पहले भी निभा चुके अहम जिम्मेदारी, जनता से मांगा सहयोग
गौरतलब है कि आदेश कुमार इससे पहले थाना फतेहगंज पश्चिमी में हल्का नंबर दो के प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं, जहां उन्होंने सक्रियता और तत्परता से कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें अब चौकी प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है, इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
