नर्मदापुरम : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। माखननगर थाना क्षेत्र में देर रात नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के रहने वाले लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर टवेरा गाड़ी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के समय टवेरा अनियंत्रित हो गई और ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों और मृतकों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह से सात लोग घायल हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण कम दृश्यता या चालक की लापरवाही माना जा रहा है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
