बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने ट्रिपल मर्डर का रूप ले लिया। खुर्जा क्षेत्र के सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक सुभाष मार्ग के लाल कुआं मोहल्ला निवासी और वार्ड 24 के सभासद संजय सैनी के परिजनों के साथ यह वारदात हुई। शनिवार रात पास ही स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में जीतू सैनी का जन्मदिन समारोह चल रहा था, जिसमें इलाके के कई युवक मौजूद थे। इसी दौरान जीतू सैनी और अमरदीप के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो गाली-गलौज तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद जीतू सैनी नाराज होकर वहां से चला गया। लेकिन करीब एक घंटे बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौटा। इस बार उसके पास उसके भाई की लाइसेंसी पिस्टल थी। जिम की पहली मंजिल पर उस समय अमरदीप, मनीष और आकाश एक साथ बैठे हुए थे। तभी जीतू सैनी वहां पहुंचा और बिना कुछ सोचे-समझे तीनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
इस हमले में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कलानिधि नैथानी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना आपसी विवाद के चलते हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
