नई दिल्ली : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक बड़ा हमला होते-होते टल गया, जहां एक कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
यह घटना एक होटल में आयोजित डिनर कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां पत्रकारों की मौजूदगी में अचानक एक हमलावर ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। हालांकि समय रहते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और दोनों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि हमलावर कई हथियारों से लैस होकर सुरक्षा चेकपॉइंट तक पहुंच गया था, लेकिन सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। इस दौरान एक अधिकारी को गोली भी लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उसकी जान बच गई और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में वह अकेला ही इस हमले की योजना बनाकर आया था। वहीं म्यूरियल बोउजर ने भी कहा है कि फिलहाल इस घटना में किसी और के शामिल होने के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी इसे एक अकेले हमलावर की घटना बताया है।
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह हमला अप्रत्याशित था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने बेहद बहादुरी और तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने घायल अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि उसकी हालत अब ठीक है और उसका मनोबल भी काफी ऊंचा है।
फिलहाल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
