सीतापुर : सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मां, बेटे और उनकी मामी की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी 25 वर्षीय हिमांशु पांडेय अपनी मां रेखा पांडेय और मामी सुनीता के साथ एक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रविवार सुबह जैसे ही उनकी बाइक कचनार चौकी क्षेत्र के ककरहा के पास अंगरासी मोड़ पर पहुंची, तभी सीतापुर से गोला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु और उनकी मां रेखा पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मामी सुनीता को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग के खतरनाक नतीजों की याद दिलाता है, जिसने एक ही झटके में तीन जिंदगियां छीन लीं।
