नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक बड़ा हवाई हादसा टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले धुआं उठने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ से 232 यात्रियों की जान बच गई।
यह घटना रविवार तड़के करीब एक बजे की है, जब फ्लाइट LX147 दिल्ली से उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार थी। टेकऑफ के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जानकारी के मुताबिक इंजन में आई गड़बड़ी के कारण लैंडिंग गियर के पोर्ट साइड से धुआं निकलने लगा। हालात को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ कैंसिल कर दिया और इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
इसके बाद विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को तेजी से बाहर निकाला गया। इमरजेंसी स्लाइड के जरिए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोगों को सीढ़ियों के जरिए भी बाहर लाया गया। इस दौरान करीब 6 यात्रियों को हल्की चोटें आईं या घबराहट के कारण असहज महसूस हुआ, जिन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। राहत की बात यह है कि सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान की जांच के लिए दिल्ली पहुंच रही है। साथ ही यात्रियों के लिए जल्द ही वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट LX147 में आई तकनीकी समस्या के चलते फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना का एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उड़ान से ठीक पहले इतनी बड़ी तकनीकी खराबी कैसे सामने आई।
