मुरादाबाद : यूपी के मुरादाबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक परिवार में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में बेटी की बारात आने वाली थी। उसी घर से चार लोगों की अर्थियां उठ गईं। यह भीषण हादसा संभल-मुरादाबाद मार्ग पर हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
भात देकर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग भात देकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार खनन से भरे डंपर ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली का टायर फट गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार लोगों की मौत, 16 घायल
इस हादसे में कुल 20 लोग घायल हुए, जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी 16 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर मची चीख-पुकार, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एसडीएम बिलारी विनय और सीएमओ कुलदीप सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मृतकों में दुल्हन के करीबी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई है, उनमें दुल्हन की दादी शांति, चाची सुमन, भाई अजीत और श्रृष्टि शामिल हैं। यह हादसा थाना मैनाठेर क्षेत्र के डींगरपुर-असदपुर के पास हुआ, जिसने पूरे परिवार और इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्ट: रेहान
