घर से निकला और जंगल में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी,आत्महत्या या साजिश?
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक हिस्ट्रीशीटर का शव पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।यह मामला कैंट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का है, जहां 38 वर्षीय रमेश का शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला।
रात में हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात गांव के एक व्यक्ति ने खेत से लौटते समय शव को पेड़ से लटका देखा। इसके बाद गांव में सूचना फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को जानकारी दी।
रहस्यमय हालात में मौत
परिजनों के अनुसार, रमेश रात में खाना खाने के बाद घर के बाहर बने कमरे में सोने गया था, लेकिन देर रात वह कब खेतों की ओर चला गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। बताया जा रहा है कि वह घटना स्थल पर एक दिन पहले प्रसाद चढ़ाने भी गया था, जिससे मामला और संदिग्ध बन गया है।
7 साल जेल में रहा, 10 दिन पहले ही लौटा था घर
पुलिस के अनुसार, रमेश एक हिस्ट्रीशीटर था और चोरी, आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास जैसे मामलों में करीब 7 साल से जेल में बंद था। वह 7 अप्रैल को ही जेल से छूटकर घर आया था। परिजनों ने बताया कि जेल से लौटने के बाद वह काफी चुपचाप रहने लगा था और मानसिक रूप से परेशान दिख रहा था। उसने अपनी मां से कहा था कि अगर दोबारा जेल जाना पड़ा, तो वह सहन नहीं कर पाएगा।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैंट थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।
