बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर में 18 अक्टूबर को हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही पिता की हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है।
जमीन के विवाद ने ले ली जान
पुलिस पूछताछ में आरोपी कुलदीप ने बताया कि उसके पिता बाबू सिंह का व्यवहार ठीक नहीं था, और वह अक्सर बिना बताए कई दिनों तक घर से बाहर रहते थे। परिवार में जमीन बेचने को लेकर विवाद चलता रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हुआ, जो आखिरकार हत्या तक पहुंच गया।
गुस्से में आकर पिता का गला दबाया
आरोपी ने बताया कि दीपावली से पहले जब उसने अपने पिता को गांव के पास गन्ने के खेत में देखा, तो दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पिता के हाथ बांध दिए और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
आत्महत्या दिखाने की कोशिश, लेकिन खुल गई पोल
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि,जल्दबाजी में वह शव को सही तरीके से नहीं लटका सका और हाथ भी नहीं खोल पाया, जिससे पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।
