चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षा तिथियां घोषित,13 जून तक चलेंगी परीक्षाएं, 29 अप्रैल से शुरू
बरेली : यूपी के बरेली में स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड यूनिवर्सिटी ने नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत स्नातक सम सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षाओं की प्रस्तावित डेटशीट जारी कर दी है। फिलहाल यह डेटशीट चौथे और छठे सेमेस्टर के लिए जारी की गई है, जबकि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। विश्वविद्यालय के अनुसार स्नातक परीक्षाएं 29 अप्रैल से शुरू होकर 13 जून तक चलेंगी। छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी। चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 26 मई को समाप्त होंगी, जबकि छठे सेमेस्टर की अंतिम परीक्षा 13 जून को होगी।
शिफ्ट में होंगी परीक्षाएं, 3 से 5 बजे तक छठे सेमेस्टर के पेपर
पहले दिन यानी 29 अप्रैल को बीए चतुर्थ सेमेस्टर में संगीत (वोकल, सितार, तबला), कोरियोग्राफी, पर्शियन और इनकम टैक्स लॉ एंड अकाउंट्स जैसे विषयों की परीक्षा होगी। वहीं छठे सेमेस्टर में संगीत, कोरियोग्राफी, पर्शियन, इंडस्ट्रियल माइक्रोबायोलॉजी, पर्यावरण विज्ञान और बायोटेक्नोलॉजी के पेपर आयोजित किए जाएंगे। 30 अप्रैल को बीए और बीएससी के सांख्यिकी, बीकॉम के फंडामेंटल ऑफ मार्केटिंग,बीएससी बायोटेक्नोलॉजी और बीबीए के विषयों की परीक्षाएं होंगी। एक मई को ट्रेवल एंड टूरिज्म, फंक्शनल हिंदी, अरेबिक, फैशन डिजाइनिंग और बॉटनी जैसे विषयों के पेपर होंगे। बीएससी होम साइंस की परीक्षाएं 3 मई से शुरू होंगी।
अब एग्जाम की काउंटडाउन शुरू
विभिन्न पाठ्यक्रमों की अंतिम तिथियों के अनुसार बीए, बीएससी और बीकॉम के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 26 मई तक पूरी हो जाएंगी। बीकॉम छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 मई तक और बीबीए छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 22 मई तक समाप्त होंगी। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि को-करिकुलर और वोकेशनल विषयों की परीक्षाएं केवल बैक पेपर वाले छात्रों के लिए आयोजित की जाएंगी, जबकि जिन विषयों में बदलाव हुआ है, उनकी परीक्षाएं संबंधित कॉलेज अपने स्तर पर कराएंगे।
