बरेली, पीलीभीत, बदायूं समेत कई जिलों में ईमेल से धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने की सघन चेकिंग
बरेली/पीलीभीत/बदायूं : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बरेली स्थित मंडलीय पासपोर्ट कार्यालय समेत पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद और नगीना (बिजनौर) के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों को ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी दी गई।
ईमेल में 14 IED और साइनाइड का जिक्र
धमकी भरे मेल में दावा किया गया कि सभी केंद्रों पर साइनाइड से भरे 14 आईईडी बम लगाए गए हैं और सोमवार दोपहर 1:15 बजे धमाका किया जाएगा। साथ ही मेल में कुछ व्यक्तियों की रिहाई की मांग भी की गई थी। यह मेल बरेली के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था।
ऑफिस खुलते ही मचा हड़कंप
सोमवार सुबह कार्यालय खुलने पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने जैसे ही मेल देखा, तुरंत सभी संबंधित जिलों को अलर्ट जारी कर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद हर जगह अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डॉग स्क्वॉड, ATS और बम निरोधक दस्ता पहुंचा
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, एंटी सबोटॉज टीम और ATS ने सभी केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया। पीलीभीत में एहतियातन पासपोर्ट सेवा केंद्र की बिजली काटकर सायरन बजाया गया और कर्मचारियों व आम लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। बदायूं और शाहजहांपुर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
घंटों चली जांच के बाद किसी भी केंद्र पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और कामकाज दोबारा शुरू कर दिया गया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि आधिकारिक मेल पर धमकी प्राप्त हुई थी। सभी केंद्रों पर जांच कराई गई, लेकिन कोई खतरा नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है और साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल जांच में जुटी है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह से बचें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
