लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को एक विशेष सम्मान समारोह में दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बधिर क्रिकेट लीग में भाग लेने वाले लखनऊ के दो प्रतिभाशाली बधिर खिलाड़ियों, रोशन केसरवानी और अमन रिजवी को सम्मानित किया। यह आयोजन पार्टी मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित किया गया।
खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा
समारोह के दौरान अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों की खेल भावना, संघर्षशीलता और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि “शारीरिक बाधाएं किसी के सपनों और सफलता की राह में रोड़ा नहीं बन सकतीं, यह हमारे इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है।”उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी हमेशा प्रतिभा और संघर्ष को सम्मान देती रही है और देती रहेगी।
दुबई में 28 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित
अमन रिजवी ने दुबई में 28 अप्रैल से 3 मई 2025 तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय बधिर क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को रनरअप तक पहुँचाया। वहीं रोशन केसरवानी ने भी लीग में भाग लेकर प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया, जो उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रमाण है।
खास प्रयासों का परिणाम
समाजवादी छात्रसभा के पूर्व प्रदेश सचिव रज़ा रिजवी ने बताया कि यह उपलब्धियां अखिल भारतीय क्रिकेट एसोसिएशन और स्थानीय डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग और प्रयासों का परिणाम हैं। जिनके माध्यम से बधिर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि समाज में समावेशिता और समान अवसरों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
