कॉलेज परिसर में वीडियो/रील और डांस पर प्रतिबंध, तीन नोटिस मिलने पर हो सकता है निलंबन
बरेली : यूपी के बरेली कॉलेज प्रशासन ने नए शैक्षिक सत्र में अनुशासन और पठन-पाठन का माहौल बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। कॉलेज परिसर में अब रील बनाने, वीडियो शूट करने और सार्वजनिक रूप से डांस करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्र -छात्राओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रील बनाने वालों को मिला पहला नोटिस
कॉलेज परिसर में बारिश के दौरान रील बनाने वाले बीए द्वितीय वर्ष के।एक छात्र और दो छात्राओं को पहला चेतावनी नोटिस जारी किया गया।इस कार्रवाई की जानकारी कॉलेज प्रशासन ने दोपहर 12 बजे घंटाघर पर लाउडस्पीकर के माध्यम से।सार्वजनिक रूप से भी दी।
तीन नोटिस पर निलंबन संभव
कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई छात्र-छात्रा भविष्य में दोबारा इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। तीन नोटिस मिलने पर निलंबन तक किया जा सकता है।
नई एडवाइजरी भी लागू
कॉलेज प्रशासन ने अन्य अनुशासनात्मक निर्देश भी जारी किए हैं। बाइक, स्कूटी और साइकिल केवल निर्धारित स्टैंड पर ही खड़ी की जाएंगी। सभी छात्र -छात्राओं के लिए पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। परिसर में अनुशासनहीन गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
चीफ प्रॉक्टर ने बताई वजह
चीफ प्रॉक्टर प्रो. इंदीवर सिंह ने मीडिया से कहा “कॉलेज में पठन -पाठन का माहौल बनाए रखने और अनुशासन स्थापित करने के लिए यह सख्ती जरूरी है।”
