अप्रैल से सितंबर तक हाउस लिस्टिंग, मई में स्व-गणना और 2027 में मुख्य जनगणना, कंट्रोल रूम भी स्थापित
बरेली : यूपी के बरेली में जनगणना -2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण में किसी तरह की देरी न हो। बैठक में डीएम ने कहा कि प्रगणक और सुपरवाइजर के रूप में कार्मिकों की जल्द से जल्द तैनाती कर उन्हें गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि जनगणना का कार्य सही और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी कार्मिकों की डाटा फीडिंग शीघ्र पूरी कर ली जाए और तहसील स्तर पर प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
यह रहेगा पूरा शेड्यूल

बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के गजट के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच 30 दिन का हाउस लिस्टिंग कार्य प्रस्तावित है। 7 मई से 21 मई 2026: स्व-गणना (Self Enumeration), 22 मई से 20 जून 2026 को मकान सूचीकरण व गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 को मुख्य जनगणना कार्य, इसके अलावा जनगणना मकान ब्लॉक (HLB) का निर्धारण भी पूरा कर लिया गया है।
नोडल अधिकारी और कंट्रोल रूम तैयार

जनगणना कार्य के लिए नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को नगर जनगणना अधिकारी (नोडल) बनाया गया है। उनके निर्देशन में 4 जोन में चार्ज अधिकारी तैनात किए गए हैं। साथ ही सभी तहसीलदार, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जनपद मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या-11 में जनगणना सेल और कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है, जहां से पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी।
प्रशासन सख्त, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि समय पर और सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस तैयारी से साफ है कि बरेली में जनगणना-2027 को लेकर इस बार पूरी प्रक्रिया को तकनीकी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
