DM और CMO के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, बिना पंजीकरण चल रहा सेंटर तत्काल सील, कई सेंटरों की जांच, दो मिले बंद
बरेली: जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए शहर और देहात में कई जगह छापेमारी की। डीएम अविनाश सिंह और सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए कई सेंटरों की जांच की। जिससे संचालकों में हड़कंप मच गया।
बिना पंजीकरण चल रहा सेंटर सील
डिप्टी CMO डॉ. लईक अहमद अंसारी के नेतृत्व में जब टीम बहेड़ी क्षेत्र के हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची, तो गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सेंटर संचालक टीम को अपना पंजीकरण प्रमाण पत्र तक नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया। इसके साथ ही संचालक को 3 दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
इन सेंटरों की भी हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई अन्य अल्ट्रासाउंड केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इसमें मन्नत अल्ट्रासाउंड (कुंडरा कोठी), जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड, हर्ष कला अल्ट्रासाउंड (रिछा), ग्लोबल, यूनिक, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर (बहेड़ी क्षेत्र), जांच के दौरान मैक्स अल्ट्रासाउंड और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले, जिस पर टीम ने नाराजगी जताई।
अधिकारियों की चेतावनी, नियम तोड़े तो सख्त कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सेंटर संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड केंद्र केवल शासन के नियमों के तहत ही संचालित किए जाएं। अधिकारियों ने साफ कहा कि जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस छापेमारी अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार शामिल रहे। टीम ने साफ कहा है कि स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में अवैध मेडिकल गतिविधियों पर अब सख्ती बढ़ेगी।आने वाले दिनों में और भी सेंटरों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
