बरेली : यूपी के बरेली में विकास कार्यों की धीमी गति और योजनाओं की कमजोर प्रगति पर जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने चिंता जाहिर की। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योजनाओं में तेजी लाकर रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में ‘सी’ रैंक, तेजी लाने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में जिले की रैंक ‘सी’ श्रेणी में आ गई है, जो असंतोषजनक है। इस पर उन्होंने परियोजना निदेशक, डीआरडीए को निर्देश दिए कि लक्ष्यानुसार कार्य में तेजी लाएं और जल्द से जल्द अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करें।
पीएम सूर्यघर योजना और सड़क निर्माण भी फोकस में

बैठक में यह भी उजागर हुआ कि पीएम सूर्यघर योजना में जिले की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर पीओ नेडा को निर्देशित किया गया कि योजनागत प्रगति में त्वरित सुधार सुनिश्चित करें। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग द्वारा नई सड़कों के निर्माण कार्य में भी अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। इस पर अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी को आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में दुग्ध विकास अधिकारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डैशबोर्ड की निगरानी शासन स्तर से: जिलाधिकारी

डीएम ने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड की निगरानी प्रतिदिन शासन स्तर से की जाती है और जिले की ग्रेडिंग उसी आधार पर तय होती है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति समयबद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि जिले की समग्र रैंकिंग में सुधार हो सके।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की योजनाओं हेतु कैम्प का आयोजन

बैठक के बाद जानकारी दी गई कि महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विभागीय कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। पहला कैम्प 14 मई 2025 को पूर्वान्ह 11:00 बजे, ब्लॉक नवाबगंज के सभागार में आयोजित किया जाएगा। जनपद बरेली के विकास खंड नवाबगंज की जनता से अनुरोध किया गया है कि वे नियत दिनांक एवं समय पर उपस्थित होकर इन योजनाओं का लाभ उठाने हेतु आवेदन करें। इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
