10 अप्रैल 2026 तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन, जून में होगी लिखित परीक्षा… 17.5 से 22 वर्ष आयु के अभ्यर्थियों को मौका
बरेली : भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2026-27 के लिए युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। सेना भर्ती कार्यालय, बरेली द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 10 अप्रैल 2026 कर दी गई है, जबकि लिखित परीक्षा जून 2026 में आयोजित की जाएगी।
अब 22 साल तक के युवा कर सकेंगे अप्लाई! अग्निवीर भर्ती में बड़ा बदलाव
इस बार अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है।अब 17.5 वर्ष से 22 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर, ट्रेड्समैन और अग्निवीर सैन्य पुलिस के पद शामिल हैं। नर्सिंग असिस्टेंट (NA/NA Vet) के लिए अधिकतम आयु 23 वर्ष और सिपाही फार्मा के लिए 25 वर्ष निर्धारित की गई है। सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।
एक फॉर्म से दो पद, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार एक ही फॉर्म से दो पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे युवाओं को अधिक अवसर मिलेंगे।
12 जिलों के युवाओं के लिए मौका
सेना भर्ती कार्यालय, बरेली के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी,पीलीभीत,संभल,शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थियों से समय रहते भारतीय सेना की वेबसाइट पर 10 अप्रैल तक आवेदन करने की अपील की गई है।
जानकारी को यहां करें संपर्क
यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन या पंजीकरण में कोई समस्या आती है, तो वह सेना भर्ती कार्यालय, बरेली से सुबह 8:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। अग्निवीर भर्ती 2026 युवाओं के लिए देश सेवा का एक बड़ा अवसर है, जिसमें समय रहते आवेदन करना बेहद जरूरी है।
