एक मामले में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दूसरे में सड़क हादसे ने छीनी जिंदगी
बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। एक तरफ जहां चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई, तो वहीं दूसरी ओर सांड से टकराकर बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया।
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, हत्या की आशंका
बरेली-चंदौसी रेलवे ट्रैक पर नूरपुर रेलवे फाटक के पास बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के हथरा गांव निवासी शाहरुख खान की चलती ट्रेन से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार, शाहरुख ने प्रेम विवाह किया था और हाल ही में पत्नी से विवाद के बाद दिल्ली से वापस लौटा था। बताया जा रहा है कि वह दोबारा दिल्ली जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। वहीं, परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है
सांड से टकराई बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौत
दूसरी घटना आंवला-शाहबाद मार्ग पर हुई, जहां अटा फुंदापुर गांव निवासी 18 वर्षीय प्रदीप की बाइक सड़क पर अचानक आए सांड से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।।स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि प्रदीप के पिता की भी 12 साल पहले हादसे में मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजे शव
हादसों के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही। बरेली में आवारा पशुओं के हमलों से मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जो चिंता का विषय है।
