सपा प्रमुख ने कहा -2027 चुनाव से पहले BJP बौखलाई, AI और फर्जी MoU से कर रही भ्रम फैलाने की राजनीति
लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी और नकारात्मक सोच वाली पार्टी है, जो सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का काम कर रही है।समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर उन्हें डराने की कोशिश कर रही है।
2027 चुनाव को लेकर BJP पर निशाना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे 2027 विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा नेतृत्व बौखलाहट में विपक्ष को बदनाम करने में जुटा है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है, और आने वाले चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि AI का उपयोग खेती और विकास के लिए होना चाहिए, लेकिन भाजपा इसे विपक्ष के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है। इसके साथ ही, बड़े निवेश समझौतों (MoU) पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फर्जी कंपनियों के साथ हजारों करोड़ के समझौते दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है।
निवेश और भ्रष्टाचार पर हमला, यूपी की कानून व्यवस्था बदहाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश के दावे “हवा-हवाई” हैं और जमीन पर कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है और बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। “हर दिन हत्याएं हो रही हैं, यहां तक कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के क्षेत्रों में भी घटनाएं सामने आ रही हैं,” उन्होंने कहा।
सत्ता परिवर्तन का दावा, PDA से डर रही BJP, सत्ता जाते ही कुकर्मों का हिसाब होगा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश में विकास और ईमानदारी की नई शुरुआत की जाएगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं को हर जगह सिर्फ PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ही दिखाई देता है।उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में हार और 2027 में सत्ता से बाहर होने के डर से भाजपा घबराई हुई है।अखिलेश यादव ने कहा कि PDA का नाम सुनते ही भाजपा नेता “थर-थर कांपते हैं” और समाज में विभाजन की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने इशारों में बुलडोजर कार्रवाई और भेदभाव की राजनीति पर भी सवाल उठाए।
सपा महिला सभा को नया प्रदेश अध्यक्ष, रूक्मिणी देवी निषाद को मिली जिम्मेदारी
पूर्व सीएम अखिलेश यादव की स्वीकृति पर श्याम लाल पाल ने रूक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। रूक्मिणी देवी निषाद जालौन जिले के शेखपुर गुढ़ा का पुरवा गांव की निवासी हैं। पार्टी ने उन्हें महिला संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
