किला क्षेत्र के बाकरगंज में पुलिस की छापेमारी, आपत्तिजनक सामग्री बरामद, व्हाट्सएप के जरिए बुलाए जाते थे ग्राहक
बरेली : शहर के किला थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का खुलासा किया है। बाकरगंज इलाके में एक महिला के मकान में चल रहे इस अवैध धंधे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो महिलाओं और दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर छापा
पुलिस को 23 मार्च को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बाकरगंज में साबरी मस्जिद के पास एक मकान में देह व्यापार चल रहा है।सूचना के आधार पर किला थाना पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान मकान के अंदर दो महिलाएं और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
व्हाट्सएप से होता था संपर्क
जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप के जरिए युवकों को लड़कियों की फोटो दिखाकर बुलाया जाता था। इसके बाद उन्हें कमरे और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं।
घंटे के हिसाब से वसूली
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला कमरा और बेड उपलब्ध कराती थी।इसके बदले 500 से 1000 रुपये प्रति घंटे वसूले जाते थे। बताया जा रहा है कि यह धंधा लंबे समय से चल रहा था, जिससे आसपास के लोग भी परेशान थे।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है और मामले की आगे जांच जारी है।
स्थानीय लोगों में राहत
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि इस अवैध गतिविधि से इलाके का माहौल खराब हो रहा था।
